भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_25.html
बाराबंकी। जनपद मथुरा के जवाहर बाग में घटित घटना के विरोध में आज
भाजपाईयों ने जिलाध्यक्ष की अगुवाई में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने
धरना प्रदर्शन करके पांच सूत्रीय ज्ञापन महामहिम राज्यपाल को भेजा। इस
मौके पर बोलते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने कहा आज प्रदेश
में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नही रह गयी है। सपा के गुण्डे खुलेआम
कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। जिसका जीता जागता उदाहरण जवाहरबाग की
घटना है। उन्होने आगे कहा कि प्रदेश सरकार जिस तरह से प्रतापगढ़ में
क्षेत्राधिकारी जियाउल हक के मौत पर उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये और घर
के दो सदस्यों को नौकरी देने की बात कही थी। ठीक उसी तरह जवाहरबाग में
शहीद पुलिस अधीक्षक और एसओ के परिजनों को भी उतना ही मुआवजा दें। भाजपा
सांसद प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की
पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। क्योंकि पिछले पांच वर्षो से प्रदेश की जनता
सपा के कुशासन से तंग आ चुकी है। उन्होने प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक से
प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। धरना प्रदर्शन में सुंदर लाल
दीक्षित, संतोष सिंह, डीडीसी सतीश शर्मा, राजा कासिम, सरोज रावत, केदार
बक्स सिंह, केशव टण्डन, रघुराज सिंह, फराज हुसैन, रचना श्रीवास्तव,
अर्चना मिश्रा, डा. अंजू वर्मा, शरद अवस्थी, रानी कनौजिया सहित अन्य
पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

