मेयो अस्पताल में धरे गये फर्जी केन्द्रीय जांच ब्यूरों के अधिकारी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_408.html
बाराबंकी। कोतवाली नगर क्षेत्र अन्तर्गत बीती शाम पुलिस अधिकारियों ने एक
अस्पताल में छापा मारकर केन्द्रीय जांच ब्यूरो के तीन फर्जी अधिकारियों
को धर दबोचा। कोतवाली पुलिस ने तीनो फर्जी अधिकारियों के विरुद्ध धारा
170/420/384 के तहत मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार,
कोतवाली नगर के सफेदाबाद स्थित मेयो अस्पताल में बीती शाम तीन युवक
पहुंचे और अस्पताल परिसर में बने वहां के प्रबंधक के कक्ष में जा घुसे जब
तक प्रबंधक कुछ समझते व पूछताछ करते तीनों युवकों ने कक्ष की तलाश लेनी
शुरु कर दी। और यह कहा कि हम लोग केन्द्रीय जांच ब्यूरों दिल्ली के
अधिकारी हैं। हम लोगांे को सूचना मिली है कि इस अस्पताल में बहुत सारे
गलत काम हो रहे हैं। नकली दवाईयां दी जा रही हैं और गरीब मरीजों का जमकर
शोषण किया जा रहा है। केन्द्रीय जांच ब्यूरों का नाम सुनकर प्रबंधक घबरा
गये और उन्होने उन युवकों से कहा कि साहब यहां सब कुछ ठीक ठाक चल रहा है।
दवाईयां भी असली है और किसी भी मरीज का शोषण नही किया जाता है। गरीब
मरीजों को तो उचित मूल्य पर इलाज भी किया जाता है। करीब आधे घण्टे तक
कक्ष की छानबीन करने के बाद तीनों युवक वहीं कक्ष में बैठ गये और प्रबंधक
से कहा जांच व तलाशी में बहुत कुछ पाया है। लेकिन देखने से तुम शरीफ आदमी
नजर आ रहे हो। अगर लिखा पढ़ी कर दूंगा तो कई सालों तक तुम्हारी जमानत नही
होगी। इस बात से प्रबंधक घबरा गया और कहा कि साहब किसी तरह से मेरी गलती
माफ करें। भविष्य में आपको कोई भी शिकायत नही मिलेगी। जिस पर तीनों युवक
का मुखिया चुपचाप प्रबंधक को किनारे ले गया और कहा कि दस लाख रुपये अगर
दो तो कोई भी कार्यवाही नही करेंगे। पैसे मांगने की बात पर प्रबंधक का
माथा ठनका और उसने कहा कि आप लोग दस मिनट बैठिये चाय नास्ता करिये मैं
कैश रुम में जाकर पैसा लेकर आ रहा हूं। कक्ष से बाहर आने के बाद प्रबंधक
ने इस बात की जानकारी मोबाइल से सीओ सिटी विशाल विक्रम सिंह को दी। सूचना
मिलने के बाद सीओ सिटी कोतवाली पुलिस को साथ लेकर मेयो अस्पताल पहुंच गये
वह तीनो युवकों को धर दबोचा। जब पुलिस को देखा तो तीनो युवक के पसीने
छूटने लगे। जब पुलिस ने कड़ाई की तो तीनों ने सारी सच्चाई उगल दी। पकड़े
गये फर्जी अधिकारी बने के मुखिया आनन्द प्रताप सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह
ग्राम खमरिया कोतवाली नगर ने बताया कि हम लोग पिछले कई महीनों से फर्जी
अधिकारी बनकर ठगने का काम कर रहे हैं। आज सुबह कोतवाली नगर पुलिस ने धारा
170/420/384 के तहत आनन्द प्रताप सिंह उनके दो सहयोगी राम बहादुर सिंह
निवासी ग्राम चौखण्डी थाना सफदरगंज और रामविलास यादव निवासी थाना व कस्बा
मसौली को जेल भेज दिया। शहर में पकड़े गये इन फर्जी अधिकारियों के बारे
में जिसने भी सुना उन लोगों ने दांतो तले उंगली दबा ली।

