हपुर में महिला पालीटेक्निक खुलने से महिलाओं को रोजगार के अवसर बढ़ेंगे: अखिलेश
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_67.html
बाराबंकी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को तहसील फतेहपुर में
राजकीय महिला पालीटेक्निक का भूमिपूूजन करने के बाद आयोजित समारोह के
दौरान 101 निर्माण कार्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होने कहा कि
प्रदेश की कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए पुलिस विभाग को 100 नम्बर
डायल करने पर 15 से 20 मिनट में पुलिस फोर्स के पहुंचने की व्यवस्था
सुनिश्चित होगी। प्रदेश की खुशहाली के लिए 14 घण्टे विद्युत आपूर्ति की
अवधि को बढ़ा कर 20 घण्टेे किया जायेगा। उन्होने कहा कि विद्युत आपूर्ति
की दिशा में बेहतर काम हो रहा है। प्रदेश के राज्यमंत्री फरीद महफूज
किदवई की तहसील फतेहपुर के विकास के सम्बन्ध में की गयी मांग के दृष्टिगत
मुख्यमंत्री ने कहा कि तहसील फतेहपुर में बाईपास बनवाया जायेगा। उनकी
अन्य मांगो के सम्बन्ध में भी मुख्यमंत्री ने जरूरी व्यवस्थाए कराने का
वादा किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ऋण पर
ई-रिक्शा दिये जाने के बजाय निःशुल्क ई-रिक्शा वितरित किया जा रहा है।
बालिकाओं की शिक्षा के लिए कन्या विद्या धन, श्रमिकों के लिए निःशुल्क
साइकिल, किसानों के लिए निःशुल्क सिंचाई व्यवस्था, मण्डी स्थापना, बीमार
रोगी के लिए निःशुल्क चिकित्सा व्यवस्था, 102 एवं 108 नम्बर की एम्बूलेंस
की व्यवस्था सहित प्रदेश सरकार की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की चर्चा करते
हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में तरक्की के लिए
काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों, असहायों के लिए संचालित
समाजवादी पेंशन योजना के तहत धनराशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी
जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में
व्यवसायिक कालेज खोले जा रहे है। फतेहपुर में महिला पालीटेक्निक खुलने से
महिलाओं को रोजगार के अवसर बढ़ेगे। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को
रोजगार से जोड़ने के लिए काफी काम कर रही है। हर विभाग की रिक्तियों पर
भर्ती की जा रही है। डेढ़ लाख से अधिक शिक्षामित्रों को समयोजित किया गया
है। युवाओं की समस्याओं की ओर सरकार का पूरा ध्यान है। पुलिस भर्ती
प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। 35 हजार सिपाही के पदों पर
भर्ती की गयी है। मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं
जनता की मंशा के दृष्टिगत जिला सपा के पूर्व अध्यक्ष स्व0 मौलाना मेराज
अहमद के नाम पर शिक्षण संस्थान खोलने का ऐलान किया। उन्होने कहा कि बेनी
प्रसाद वर्मा के समाजवादी पार्टी में आने पर नई ताकत और ऊर्जा मिलेगी,
जिससे प्रदेश के लिए और मजबूती से काम जारी रहेगा। उन्होने जिला प्रशासन
और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि जनपद के इस पहले राजकीय महिला
पालीटेक्निक का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाये। समारोह को प्रदेश के
ग्राम्य विकास मंत्री अरविन्द कुमार सिंह‘गोप’ ने सम्बोधित करते हुए कहा
कि अधिकारी जनप्रतिनिधि और जन सामान्य का सहयोग लेते हुए देश के विकास के
मानचित्र पर बाराबंकी को आगे की पंक्ति में अंकित करने हेतु मनोयोग से
काम करें। प्राविधिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार फरीद महफूज
किदवई ने फतेहपुर बाईपास सहित कई विकास सम्बन्धी मांगे रखते हुए सम्बोधन
में कहा कि मुख्यमंत्री ने युवाओं को नई सोच दी है। उनका ध्यान समाज के
सबसे कमजोर और गरीब पर रहा है, जिससे उन लोगों के लिए कई योजनाए चलायी
गयी। कृषि राज्यमंत्री राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में समाज के हर क्षेत्र में तरक्की की है। विधायक
सुरेश यादव, विधायक राम गोपाल रावत, विधायक राममगन रावत, एमएलसी राजेश
कुमार यादव, सपा जिलाध्यक्ष डॉ0कुलदीप सिंह, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा,
सहित अन्य कई जनप्रतिनिधियों, वक्ताओं ने सम्बोधित किया। जिलाधिकारी अजय
यादव ने स्वागत सम्बोधन में कहा कि शासन की योजनाओं को प्रभावी तरीके से
लागू किये जाने के साथ ही सही व्यक्ति को सही समय पर लाभ दिलाने हेतु
प्रशासन प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण, कृषि,
पशुपालन, श्रम, विकलांग, डूडा, ग्राम विकास, राजस्व सहित 17 विभागों की
विभिन्न योजनाओं अन्तर्गत लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र वितरित
किया। इस अवसर पर 483 लैपटॉप वितरित किया गया। 1 हजार समाजवादी पेंशन
स्वीकृत पत्र, 500 श्रमिकों को साइकिल, 100 विकलांगों को ट्राइसाइकिल, 10
लाभार्थियों को बैट्री रिक्शा सहित कुल 2627 पात्र व्यक्तियों को
लाभान्वित किया गया। राजकीय महिला पालीटेक्निक फतेहपुर के लिए 15 करोड़ 34
लाख रूपये स्वीकृत किया गया है। इसे पैकफेड निर्माण प्रखण्ड प्रथम द्वारा
निर्मित किया जायेगा। यह महिला पालीटेक्निक तहसील फतेहपुर के ग्राम
फतेहपुर खास में बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने 151 परियोजनाओं का
लोकार्पण किया, जिसकी लागत 235 करोड़ 93 लाख रूपये है। इस अवसर पर जिले के
प्रभारी मंत्री रामपाल राजवंशी, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर
पाल, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष जरीना उस्मानी, जिला सहकारी बैंक के
अध्यक्ष धीरेन्द्र वर्मा, मुनेश्वर यादव, कुलदीप मिश्रा, हिमांशू यादव,
उमाकांत यादव, बनवारी लाल, कुन्दन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, आयुक्त
फैजाबाद मण्डल एसपी मिश्र, डीआईजी फैजाबाद, जिले के वरिष्ठ अधिकारीगण,
पत्रकार एवं भारी संख्या में जन सामान्य मौजूद थे।
सीएम ने बढाया राजू का मान, जनता खुश
बाराबंकी। भले ही सुबह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को रिझाने के लिए
विधायकों ने मंच से गाना तक गा डाला लेकिन जनता के सामने कोई अपने आप को
सीएम का सबसे करीब साबित कर पाया तो वह रहय आपन राजू कुर्सी वाला। बच्चा
जवान, बूढा हर कोई तो जानत है और राजू भी सबसे अईसे मिलत है जईसै कोई
अपने घरहैक मनई होय। सदस्य विधान परिषद राजेश राजू ’राजू’ मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव के उस कमान का सिपह सालार है जिसने समाजवादी पार्टी के लिए
अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया। बात चाहे बसपा शासन काल के दौरान समाजवादी
आंदोलन को गति देने को रही हो या फिर सैफई में किसी बड़े कार्यक्रम की,
राजेश यादव सिफ सपा का था, है, और रहेगा। सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री
का यह कार्यक्रम आज तहसील फतेहपुर में आयोजित हुआ उसका श्रेय राजेश यादव
को जाता है। मंच से मुख्यमंत्री ने कई बार एमएलसी राजेश यादव को न सिर्फ
सबसे कम उम्र का समाजवादी सिपहसालार बताया बल्कि रैली समाप्ति के बाद उसे
अपने साथ उड़न खटोले में बिठाकर ले गये।
स्थानीय नेताओं को नही मिली तरजीह
बाराबंकी। एक ओर मंच पर जिले के नेता अपनी उपस्थित दर्ज कराकर अपने को
गौरवान्वित महसूस कर रहे थे तों वहीं इसके विपरीत स्थानीय नेता वीआईपी व
वीवीआईपी दीर्घा में आने का प्रयास ही करते रह गये। कुछ तो इस अनदेखी से
नाराज होकर मौके से निकल लिये तो कुछ अपनी अनदेखी को नजरअंदाज कर वहीं
डटे रहें। फतेहपुर क्षेत्र में सपा का प्रतिनिधित्व करने वाले कार्यकर्ता
व पदाधिकारी इस व्यवस्था से अपने को ठगा महसूस कर रहे थे कुछ लोगों ने
अपनी नाराजगी भी जताई लेकिन मौके पर उनकी सुनने वाला कोई नही था।
प्यास से महिला बेहोश
बाराबंकी। मुख्यमंत्री के इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम व उनको देखने की
ललक में भीषण गर्मी को भी अनदेखा कर आये आम लोगों को अव्यवस्था के चलते
काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक ओर जनता को कोई परेशानी न हो
जिसके लिए काफी इंतजाम किये गये थे जिले के आस-पास 100 किमी दूर से पानी
के टैंकर मंगाये गये थे लेकिन ये सब इंतजाम नाकाफी साबित हुए क्योकि ये
टैंकर काफी दूर खड़े किये गये थे और लोगों को कार्यक्रम को छोड़कर जाना
सम्भव नही था। यही हाल स्कूली छात्र-छात्राओं का भी था। प्यास के मारे
स्कूली छात्राएं मंत्र की ओर पानी की बोतल लहराकर पानी की मांग करती रही
लेकिन उन तक पानी नही पहुंच सका। यहां तक की तहसील क्षेत्र के ग्राम करवा
निवासी महिला नत्था देवी गर्मी और प्यास की वजह से वही पर बेहोश हो गयी।
सूनी रह गयीं फरीद की मंागे
फतेहपुर, बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र के निवासियों के मुख्यमंत्री अखिलेश
यादव का पटाखा फुस्स ही हो गया क्योकि इसी क्षेत्र के विधायक व मंत्री
फरीद महफूज किदवई ने करीब 19 मांगे रखी जिस पर मुख्यमंत्री ने अपने अपने
उद्बोधन सिर्फ सपा सरकार की उपलब्धियों को ही गिनाते रहे और फतेहपुर की
जनता को सिर्फ आस्वासन ही दिया। यहां के लोगों को बाईपास, बिजली, वकीलों
के चैम्बर आदि की मांग पर सकारात्मक परिणाम की उम्मीद थी लेकिन आस्वासन
अधिकांशतः नकारात्मक परिणाम देते रहें हैं।
पंडाल ने सोखी बिजली, क्षेत्रवासी हलकान
बाराबंकी। कार्यक्रम में मंच से मुख्यमंत्री अपनी योजनाओं में बिजली की
समस्या को गम्भीरता से देखते हुए अपनी उपलब्धि और किये जा रहे प्रयासों
को बता रहे थे तो उनके कार्यक्रम की वजह से फतेहपुर क्षेत्र की जनता को
भीषण गर्मी में काफी-दिक्कतों का सामना करना पड़ा क्योकि सुबह से ही कटी
जाकर दोपहर बाद 3 बजे ही आ पायी इस बीच सभी को यही बताया गया कि
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही बिजली आ सकेगी।
रोजगार सेवकों को जल्द ही मिलेगा तोहफा: सीएम
बाराबंकी। मुख्यमंत्री ने अपनी रैली में आये हुए सैकड़ों रोजगार सेवकों को
शीघ्र ही नियमितीकरण करने का भरोसा दिलाया और कहा कि जिस प्रकार हमने
शिक्षा मित्रो को नियमित किया है उसी प्रकार रोजगार सेवकों के नियमितीकरण
के लिए भी बीच का रास्ता निकाला जा रहा है। उन्होंने ने कहा कि बसपा
सरकार ने रोजगार सेवकों को मानदेय तक नही मिलता था और अभी भी केन्द्र
सरकार कोई अतिरिक्त मदद नही कर रही है। फिर भी रोजगार सेवकों की मानदेय
की समस्या को समाप्त करने के लिए हमने दो बार अलग से अनुपूरक बजट की
व्यवस्था की। इस दौरान वीआईपी गैलरी में मौजूद संगठन के जिलाध्यक्ष आकाश
त्रिपाठी को मुख्यमंत्री ने बुलाकर संगठन की ओर से भेट की गयी चांदी की
साईकिल को लेते हुए कहा कि शीघ्र ही मुख्य सचिव को बुलाकर नियमितीकरण पर
निर्णय ले लिया जायेगा। बाराबंकी के मंच से रोजगार सेवकों के सम्बन्ध में
पहली बार हुई घोषणा से रैली मेें उपस्थित सैकड़ों रोजगार सेवकों के चेहरे
पर मुस्कान आ गयी। रैली में मुख्य रूप से ग्राम रोजगार सेवक संगठन के
जिला संगठन प्रभारी जमनेश कनौजिया, उपाध्यक्ष रामसजीवन यादव, जिला
कार्यकारिणी सदस्य रवि सिंह, विनोद राव, शकील अहमद, नीलम, वंधना, गीता,
पिंकी, दिलदार, ज्ञानेन्द्र, पवन यादव, अमित यादव समेत सैकड़ों पदाधिकारी
उपस्थित रहे।

