बाबू को लेकर प्रधानो में मचा घमासान
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_79.html
बाराबंकी। सिद्धौर का ब्लाक मुख्यालय इस समय राजनीति का अखाड़ा बनकर रह
गया है। एक तरफ जहां ब्लाक में तैनात बाबू को हटाने के लिये सत्ता पक्ष
के ग्राम प्रधान धरना प्रदर्शन करके डटे हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रधान
संघ के ब्लाक महामंत्री बाबू को न हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे
हैं। इस मामले को लेकर ब्लाक में इस समय जबरदस्त तना तनी का माहौल चल रहा
है। जानकारी के अनुसार, विकास खण्ड सिद्धौर के ब्लाक मुख्यालय पर महादेव
वर्मा नामक बाबू पिछले एक साल से कार्यरत है। बाबू की कार्यशैली के कारण
आये दिन कोई न कोई विवाद लगातार चलता रहता था। इधर एक सप्ताह पूर्व ग्राम
सुसवई के प्रधान शानू ने उनके विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। सत्ता पक्ष के
क्षेत्रीय विधायक राम गोपाल रावत के खास चहेते होने के कारण उन्होने
ब्लाक मुख्यालय पर जमकर ताण्डव मचाया। यहां तक की बाबे महादेव को जमकर
अपमानित भी किया। कारण यह था कि लाखो रुपये की लागत से चार माह पूर्व
ग्राम प्रधान ने गढ़ीअराजी में तालाब खुदवाया था। सूत्रों द्वारा पता चला
था कि प्रधान ने सत्ता पक्ष के नशे में चूर होकर तालाब में जमकर जेसीबी
मशीन का प्रयोग किया था और तालाब की सैकड़ो ट्राली मिट्टी उसके भाई ने
अपने निजी काम के लिये पटाई में उपयोग कर लिया था। प्रधान शानू ने उक्त
काम को मनरेगा के मजदूरों के तहत खुदाई दिखाकर पैसा निकालने का दबाव बना
रहे थे। जब बाबू महादेव ने पैसा निकालने में आना कानी की तो शानू ने
ब्लाक मुख्यालय पर ही अपने सैकड़ो ग्राम वासियों को साथ में लेकर ब्लाक के
अन्दर ही धरना प्रदर्शन और गाली गलौज की। दबाव के चलते खण्ड विकास
अधिकारी नसीम अंसारी ने बाबू के स्थानान्तरण के लिये एक पत्र बनाकर
जिलाधिकारी को भेज दिया। जब इसकी जानकारी प्रधानसंघ के महामंत्री पवन
वर्मा को हुई तो उन्होने महादेव बाबू के पक्ष में मोर्चा खोला और ब्लाक
परिसर में ही अपने दर्जनो प्रधानों के साथ में धरने पर बैठकर यह कहा कि
अगर महादेव बाबू ब्लाक से हटाये गये तो जमकर इसका विरोध किया जायेगा। इसी
आपसी खीच तान के कारण ब्लाक में अधिकांश काम काज बंद पड़ा हुआ है और पूरे
ब्लाक में इस समय पिछले कई दिनों से अराजकता का माहौल फैला है। इस सबंध
में जब बाबू महादेव से जानकारी की गयी तो उनका कहना था कि मैं इस समय
छुट्टी पर हूं। मुझे नौकरी करनी है। मेरे अधिकारी मुझे जहां आदेश करेंगे।
वहां पर नौकरी करुंगा। वहीं खण्ड विकास अधिकारी नसीम अंसारी का कहना है
कि ग्राम प्रधान लोग ब्लाक में धरना दे रहे थे। धरना किस बात का था मुझे
जानकारी नही है। कुल मिलाकर इस समय ब्लाक में काम कम नेतागिरी ज्यादा नजर
आ रही है।

