भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली हैदरगढ़ व फतेहपुर का किया घेराव, सौंपा ज्ञापन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_264.html
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में निरन्तर बढ़ रहे अपराधो के बावजूद शासन व
पुलिस प्रशासन की निरंकुशता से बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता
पार्टी द्वारा थाना घेराव अभियान के माध्यम से सरकार के प्रति आक्रोश
व्यक्त किया। थाना घेराव अभियान के अन्तर्गत विधानसभा कुर्सी के फतेहपुर
व हैदरगढ़ कोतवाली के पास सैकड़ो समर्थको के बीच सभा को सम्बोधित किया।
फतेहपुर क्षेत्र में सभा को सम्बोधित करते हुए सांसद प्रियंका सिंह रावत
ने प्रदेश व जनपद में चोरी, मारपीट, हत्या, लूट, बलात्कार, गोकशी जैसी
गम्भीर घटनाओं को रोकने में नाकाम सपा सरकार को आड़े हाथो लिया। सांसद ने
कहा कि सपा के संरक्षण में यह घटनाऐं आम हो चुकी है। पुलिस न्याय के बजाय
लोगो से उगाही व पक्षपातपूर्ण व्यवहार से आम आदमी पर अपनी हनक बनाती है।
भूमाफिया बेखौफ होकर किसी की भी जमीन पर कब्जा कर लेता है और प्रशासन
कार्यवाही के नाम पर पीड़ित को ही समझौते के लिए दवाब बनाती है। सपा सरकार
में पीड़ित व्यक्ति थाने जाने से पहले किसी नेताओं के चक्कर लगाता है।
शायद इससे उसकी रिपोर्ट लिख ली जाए। परन्तु अब यह अन्याय और अत्याचार
प्रदेश की जनता सहन करेगी। युवाओं का जोश और जुनून समाजवादी सरकार को
नेस्तानाबूत कर देगी। युवाओं को सपा सरकार के कुकृत्यों के विरूद्ध आवाज
उठानी होगी। आगामी विधानसभा में जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सपा
सरकार को उखाड़ फेकेगी। सांसद जी अतिरिक्त सभा को सांसद प्रतिनिधि राजेश
वर्मा एवं साकेन्द्र वर्मा ने सपा सरकार को बिगड़ी कानून व्यवस्था का
जिम्मेदार मानते हुए प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। सभा के
उपरान्त सांसद ने समर्थको सहित थाने का घेराव कर महामहीम राज्यपाल को
सम्बोधित ज्ञापन कोतवाल को सौपते हुए कानून व्यवस्था सुदृढ़ किये जाने की
मांग की। इस अवसर पर रमेश चन्द्रा, रघुराज प्रताप सिंह, सुनील वर्मा,
विनोद यादव, मनोज सिंह, गिरधर गोपाल, कन्हैयालाल मिश्र, चन्द्रशेखर
पाण्डेय, मुनवा महराज, वीरेन्द्र सिंह, सत्यनाम वर्मा, चन्द्रभाल, शेखर
हयारण, परिपूर्णानन्द वर्मा, गौरव सिंह वर्मा, अंतरिक्ष रावत, विनय
विश्वकर्मा सहित सैकड़ो कार्यकर्ता व क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। वहीं
दूसरी तरफ कोतवाली हैदरगढ़ में भाजपा के पूर्व विधायक सुन्दर लाल दीक्षित
की अगुवाई में सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने घेराव कर प्रदर्शन किया। इन
कार्यकर्ताओं ने हैदरगढ़-सुल्तानपुर मार्ग जाम कर दिया। इस मौके पर बोलते
हुए पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश में सिर्फ सपा के गुण्डो की सरकार चल
रही है। कहने भर को कानून का राज्य है। गरीबों को परेशान किया जा रहा है
और सपा के गुण्डे सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। घेराव
कार्यक्रम में मुख्य रुप से रानी कनौजिया, राम सागर रावत, शंसाक कुशमेस,
पंकज दीक्षित, सोनू सिंह सहित सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थे।

