सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जायेगी पीड़ित शिक्षकों की लड़ाईः रमेश सिंह
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_437.html
जौनपुर। इस समय पूरी तरह से चर्चित हो चुकी डा. रिजवी लर्नर्स एकेडमी के शिक्षकों के निष्कासन का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। विद्यालय प्रबन्धक/प्रशासन की निष्कासित शिक्षकों की मांगों पर विचार न करने एवं विगत 15-20 दिनों से शिक्षकों द्वारा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद भी कोई ठोस कार्यवाही न होने से माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री रमेश सिंह के नेतृत्व में पीड़ित सहित अन्य शिक्षकों ने गुरूवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। इसके बाद मांगों से सम्बन्धित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुये कहा गया कि शीघ्र ही इस प्रकरण का निस्तारण करके शिक्षकों के साथ न्याय किया जाय। धरनास्थल पर आयोजित सभा का संचालन करते हुये रिजवी लर्नर्स एकेडमी के शिक्षक अनिल शुक्ल ने धरने पर बैठे शिक्षक नेताओं सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों को विद्यालय में चल रहे शिक्षक, छात्र एवं अभिभावक विरोधी नीतियों की जानकारी विस्तार से दिया। वहीं विद्यालय द्वारा सीबीएसई के नियमावली का अनुपालन न करने का आरोप भी लगाया। धरनासभा की अध्यक्षता डा. अरूण सिंह अध्यक्ष जूनियर बेसिक शिक्षक संघ ने किया। इसी क्रम में माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री रमेश सिंह ने कहा कि यदि शीघ्र ही निष्कासित शिक्षकों को ससम्मान वापस नहीं लिया गया तो विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर तालाबंदी करके आंदोलन को और विकराल बनाया जायेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला एवं विद्यालय प्रशासन की होगी। माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष डा. राकेश सिंह सहित अन्य शिक्षक नेताओं ने पीड़ित शिक्षकों की आवाज को बुलंद करते हुये ने कहा कि अभी तो यह शुरूआत है। प्रबन्ध तंत्र एवं विद्यालय प्रशासन ने शीघ्र ही शिक्षकों की वापसी ससम्मान नहीं किया तो इस आंदोलन को सड़क से सदन तक ले जायेंगे। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरसिंह बहादुर यादव, मण्डलीय मंत्री प्रमोद श्रीवास्तव, जिला मंत्री सुधाकर सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाल साहब यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के नेता शिवेन्द्र सिंह, टीडीपीजी कालेज के प्रोफेसर डा. जेपी सिंह ने अपना विचार व्यक्त करते हुये रिजवी लर्नर्स एकेडमी में शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय का पूरजोर विरोध किया। शिक्षक समाज इन लोगों के साथ खड़ा होगा। अन्त में शिक्षक कीर्ति सिंह ने सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री अतुल सिंह, नौजवान छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष अनुराग मिश्रा, जिला प्रवक्ता आशुतोष त्रिपाठी, मंत्री मयंक सिंह, छात्र नेता पुष्पेन्द्र निषाद, राहुल यादव, अलमास सिद्दीकी, मयस्सर अहमद, संजय मिश्रा, अमिता सिंह, शुभम विक्रम सिंह समेत तमाम शिक्षक, छात्र नेता, अभिभावक, छात्र मौजूद रहे।
