बाढ़ से प्रभावित गांवों के लिये राहत व बचाव कार्य तेजी लायें: डीएम
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_554.html
बाराबंकी। घाघरा की बाढ़ से तहसील रामनगर अन्तर्गत सूरतगंज क्षेत्र में
प्रभावित गांवों के परिवारों के राहत एवं बचाव कार्य तेजी से कराने के
निर्देश जिलाधिकारी अजय यादव ने दिये है। उन्होने पुलिस अधीक्षक अब्दुल
हमीद, मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार और उपजिलाधिकारी रामनगर
आशुतोष दुबे के साथ हेतमापुर के आस-पास के गांवों में आई बाढ़ का जायजा
लिया और सम्बन्धित सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़
प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु सभी प्रकार के राहत एवं बचाव कार्य
तेजी से संचालित किये जाये। उन्होने सूरतगंज में लालपुर, करौता से आगे
बने तटबन्ध पर पहुंचकर वहॉ बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों से समस्याओं को
समझा और कहा कि उनके समस्याओं को हर सम्भव त्वरित समाधान करने का प्रयास
किया जायेगा। जिलाधिकारी ने आस-पास के बाढ़ प्रभावित गांवों, अखौना,
बतनेरा, पर्वतपुर और सरसण्डा के लोगों को तटबन्ध पर सुरक्षित बसाने के
निर्देश दिये। उन्होने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए तिरपाल, भोजन व्यवस्था,
खाद्यान्न वितरण, पेयजल, बीमारी इलाज हेतु दवा की व्यवस्था सहित अन्य
जरूरी व्यवस्थायें तत्काल सुनिश्चित की जाये। तटबन्ध पर बसाने के लिए 500
लोगों को तिरपाल वितरित किया गया है। वहॉ पर डॉक्टर एवं दवाओं की
उपलब्धता है। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस की भी तैनाती की गई है। बाढ़
प्रभावित क्षेत्र में घाघरा के इस पार एक स्टीमर और 8 नावों की व्यवस्था
तथा घाघरा के दूसरी ओर बहराइच सीमा से लगे गांवो खुज्जी, नरौली, जमका,
पूरनपुर, परशुरामपुर, फाजिलपुर में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के
लिए 21 नावों की व्यवस्था की गई है। यह नावें बाढ़ प्रभावित गांवों में
चलाई जा रही है। बाढ़ प्रभावित इन गांवों में भोजर के पैकेट बांटे जा रहे
है। बाढ़ प्रभावित परिवार तटबन्ध पर आ रहे है। उनकी सुविधा हेतु शौचालय
निर्माण कराया जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई की वैकल्पिक व्यवस्था समीपवर्ती
गांव के स्कूलों में की गई है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खण्ड
बाराबंकी को निर्देश दिया कि तटबन्ध में जहॉ भी जरूरी हो तत्काल वहॉ
मिट्टी भराई सुनिश्चित कराये। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश
दिया कि वहॉ पर चिकित्सकों की ड्यूटी लगाये और दवाओं की उपलब्धता भी
सुनिश्चित करें।
