अपर जिला सूचना अधिकारी पद पर चयन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_706.html
बाराबंकी। पुराणों में लिखा है कि विद्या सर्वत्र पूज्यते....। विद्या
स्वच्छ मन और स्वच्छ आत्मा के साथ रहती है। यह निश्चित है कि हर घनघोर
काली रात के बाद एक सुनहरी सुबह होती है। जिसको पूर्ण निष्ठा और तन्मयता
के अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कर्मयोगी बनना आता है, वही पदासीन
होने के काबिल होता है। ऐसा ही हुआ संध्या के साथ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ
सेवा चयन आयोग द्वारा अवर अधीनस्थ सेवा-1(सामान्य चयन) प्रतियोगितात्मक
2015 की परीक्षा में जनपद का नाम रोशन करने वाली संध्या कुरील का आज
महारानी लक्ष्मीबाई इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य राम किशोर शुक्ला ने
मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया। नगर के मोहल्ला आवास विकास कालोनी
के सेक्टर पांच निवासी कैलाश बिहारी कुरील की पुत्री संध्या कुरील ने इस
परीक्षा में अपर जिला सूचना अधिकारी पद पर सफलता हासिल की। संध्या के
पिता कैलाश बिहारी जनपद के भारतीय खाद्य निगम में डिपो प्रभारी के पद से
सेवानिवृत होकर कृषि का काम करते हैं। माता पार्वती देवी ग्रहणी हैं। छः
भाई बहनों में सबसे छोटी संध्या बचपन से ही पढ़ाई को लेकर परिवार में सबसे
अलग थी। किसान की बेटी संध्या कुरील ने उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में
परीक्षा उत्तीर्ण करके माता-पिता, परिजनों व शैक्षिणिक संस्था का नाम
किया। अपर जिला सूचना अधिकारी पद पर चयनित संध्या कुरील बताती है कि आज
जिस मुकाम पर पहुची हूं उसमें महारानी लक्ष्मीबाई इण्टर कालेज के
शिक्षकों का बड़ा सहयोग रहा। यह ऐसी शैक्षिक संस्थान है, जहां से शिक्षा
ग्रहण करने वाले बच्चों ने कई अहम पदों पर रहकर समाज की सेवा की है।
संध्या ने बताया कि यह अभी अन्तिम पड़ाव नहीं है। अगला लक्ष्य आईएएस की
परीक्षा उत्तीर्ण करना है। जिससे समाज के सभी वर्गो के लोगों की समस्याओं
का निराकरण कर सकूं। सम्मान समारोह के मौके पर उप प्रधानाचार्य विनोद
कुमार यादव, पंकज तिवारी, अर्चना श्रीवास्तव, रियाज अहमद, नीलम बाजपेयी,
रुपांशि श्रीवास्वत सहित शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
एक और अधिकारी देकर विद्यालय गौरवान्वित
बाराबंकी। एक कहावत है कि उगते सूरज को सब सलाम करते हैं। यह कहावत आज
चरितार्थ होते दिखी। जब महारानी लक्ष्मीबाई इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य
राम किशोर शुक्ला ने जाना कि उनके विद्यालय की एक छात्रा ने नाम रोशन
किया है। तो तारीफों के पुल बांधने की तैयारी हो गयी। आज प्रधानाचार्य
श्री शुक्ला ने संध्या कुरील को विद्यालय बुलाकर सम्मानित किया और कहा कि
संध्या ने सूबे में जिले के साथ ही महारानी लक्ष्मीबाई इण्टर कालेज का भी
नाम रोशन किया। जिस शैक्षिक संस्थान से संध्या ने प्राइमरी शिक्षा से
लेकर इण्टरमीडिएट तक शिक्षा ग्रहण की। इन वर्षों में वह शैक्षणिक सत्र के
दौरान सभी कक्षाओं में प्रथम श्रेणी में परीक्षाओं उत्तीर्ण कर विद्यालय
का मान बढ़ाया। श्री शुक्ला ने बताया कि इण्टरमीडिएट के बाद भी संध्या ने
इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए स्नातक और परास्नातक में भी प्रथम श्रेणी
में परीक्षाए उत्तीर्ण की। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग द्वारा
अपर जिला सूचना अधिकारी के पद पर चयनित होकर संध्या ने विद्यालय का गौरव
बढ़ाया है। इस विद्यालय ने जहां कई अहम पदों पर छात्रों ने अपनी ख्याति
अर्जित की। वहीं संध्या ने अपनी विद्युता का परिचय देते हुए एक बार फिर
विद्यालय को गौरान्वित करने का काम किया है।
