हर किसान को मिले सरकारी योजनाओं का लाभ: सीडीओ
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_726.html
बाराबंकी। मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार ने कृषि विभाग के
अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शासन द्वारा किसानों के लिए संचालित
योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने के साथ ही किसानों को कृषि निवेश
पूरी गुणवत्ता के साथ सही समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। मुख्य
विकास अधिकारी डीआरडीए सभागार में कृषि, भूमि संरक्षण सहित कृषि से जुड़े
अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उपनिदेशक कृषि
डॉ0एस0पी0सिंह ने बताया कि यूरिया, डीएपी सहित सभी उर्वरकों एवं कृषि
रक्षा रसायनों की जनपद में पर्याप्त रूप से उपलब्धता सुनिश्चित करायी गई
है। मुख्य विकास अधिकारी ने भूमि संरक्षण इकाईयांे द्वारा कराये जा रहे
भूमि संरक्षण कार्यो में पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाये रखने का
निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड एवं फसली ऋण
वितरण की बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि किसान
क्रेडिट कार्ड एवं फसली ऋण वितरण में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत
प्रगति सुनिश्चित की जाये। उपकृषि निदेशक ने बताया कि किसान क्रेडिट
कार्ड के वितरण में लक्ष्य के सापेक्ष 28 प्रतिशत प्रगति और फसली ऋण
वितरण में 25 प्रतिशत प्रगति हुई है। उन्होने बताया कि पिछले वर्ष की
अपेक्षा इस वर्ष की प्रगति में सुधार हुआ है। मुख्य विकास अधिकारी ने
खराब नलकूपों की स्थिति की समीक्षा करते हुए यांत्रिक एवं विद्युत दोष से
खराब सभी 07 नलकूपों को शीघ्र ठीक कराने का निर्देश दिया है। उपकृषि
निदेशक ने कृषि तकनीकी प्रबन्ध अभिकरण योजना अन्तर्गत तकनीकी प्रदर्शन,
फार्म स्कूल प्रदर्शन, जनपद स्तरीय किसान मेला, किसान गोष्ठी एवं किसान
वैज्ञानिक संवाद सहित प्रचार-प्रसार हेतु संचालित अन्य कार्यक्रमों की
प्रगति की जानकारी देते हुए भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का पूरा विवरण बैठक
में प्रस्तुत किया। उन्होने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन दलहन योजना
अन्तर्गत किसानों को प्रोत्साहित किये जाने हेतु दी जाने वाली सहायता
सम्बन्धी विवरण भी प्रस्तुत किया। बैठक में जिला कृषि अधिकारी रामकुमार
यादव, नाबार्ड की प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, भूमि संरक्षण अधिकारी, एवं
अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
