aajtaktimes

सरकार की मंशा, बच्चों-महिलाओं का सुधरे स्वास्थ्य: डीएम

बाराबंकी। गर्भवती महिलाओं और अतिकुपोषित बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के
स्तर में गुणात्मक सुधार हेतु उत्तर प्रदेश शासन द्वारा शुरू की गई।
हौसला पोषण योजना-फीडिंग कार्यक्रम का शुभारम्भ आज बाराबंकी में सारे
आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हुआ। आयुक्त फैजाबाद मण्डल सूर्य प्रकाश मिश्रा ने
विकास खण्ड बनीकोडर के आंगनबाड़ी केन्द्र जयचन्दमऊ, जिलाधिकारी अजय यादव
ने विकास खण्ड निन्दूरा के गोद लिये गांव कुर्सी के आंगनबाड़ी केन्द्र और
मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार ने विकास खण्ड बंकी के ग्राम ढकौली
अन्तर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र पर हौसला पोषण योजना का शुभारम्भ किया। इस
योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पका-पकाया
पौष्टिक भोजन, फल, आयरन की गोली दिये जाने के साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य
सम्बन्धी परामर्श दिया जायेगा। इसी तरह अतिकुपोषित बच्चों के लिए भी
पका-पकाया भोजन, फल, देशी घी और घर पर उपयोग हेतु बिस्किट, चना दिये जाने
की व्यवस्था की गई है। आयुक्त फैजाबाद मण्डल, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास
अधिकारी ने आंगनबाड़ी केन्द्रो पर योजना के उद्घाटन के अवसर पर शासन की इस
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रधानों से पूरा सहयोग किये जाने की
अपेक्षा की। उन्होने गर्भवती महिलाओं और अतिकुपोषित बच्चों से अपील की कि
शासन द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का भरपूर लाभ उठाये और
नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रो पर आये, जिससे उनके पोषण एवं स्वास्थ्य
स्तर में सुधार हो। जिले में आज से संचालित हौसला पोषण योजना के शुभारम्भ
के अवसर पर पूरे जिले को 94 सेक्टर में विभाजित किया गया था। प्रत्येक
सेक्टर के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये थे, जिनकी देख-रेख में सभी
आंगनबाड़ी केन्द्रों पर यह योजना आज से शुरू हुई। 6 माह से 03 वर्ष तक के
अतिकुपोषित बच्चों को सोमवार से शनिवार तक प्रत्येक दिन हॉट कुक्ड मील,
घी, फल दिया जायेगा। हॉट कुक्ड मील में मीठा दलिया, खिचड़ी, हलुआ, तहरी
आदि पौष्टिक भोज्य पदार्थ दिये जायेगे। इसके साथ मौसमी फल और 20 ग्राम घी
भी दिया जायेगा। 03 वर्ष से 06 वर्ष तक की आयु के अतिकुपोषित बच्चों को
घर पर खाने हेतु स्नैक्स दिया जायेगा। स्नैक्स में मुरमुरा चना, ग्लूकोज
बिस्किट और एक मौसमी फल वितरित किया जायेगा। गर्भवती महिलाओं को सोमवार
से शनिवार तक भोजन एवं फल प्रदान किया जायेगा। भोजन में रोटी सोयाबीन
युक्त सब्जी, चावल-दाल, तहरी दही, रोटी दाल दही, चावल सोयाबीन युक्त
सब्जी आदि भोज्य पदार्थ के साथ प्रत्येक दिन मौसमी फल दिये जायेगें।
जिलाधिकारी ने बताया कि गर्भवती महिलाओं एवं अतिकुपोषित बच्चों के पोषण
स्तर में सुधार हेतु भोजन देने के साथ ही गर्भवती महिलाओं को आयरन की
गोलियां खाने के लिए दी जायेगी। उन्हें स्वास्थ्य पोषण परामर्श दिया
जायेगा। और उनके वजन की माप एवं बीएचएनडी सेवाओं को भी सुनिश्चित किया
जायेगा। हौसला पोषण योजना के तहत फीडिंग कार्यक्रम हेतु भोजन पकवाने का
उत्तरदायित्व ग्राम प्रधान का होगा और अतिकुपोषित बच्चों एवं गर्भवती
महिलाओं को भोजन उपलब्ध कराने का दायित्व ग्राम प्रधान और आंगनबाड़ी
कार्यकत्री का होगा। जिलाधिकारी ने शासन द्वारा संचालित हौसला पोषण
योजना-फीडिंग कार्यक्रम के सम्बन्ध में कहा कि राज्य सरकार का यह अत्यन्त
महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के
मद्देनजर इस कार्यक्रम को सभी के सहयोग से प्रभावी ढंग से संचालित करने
की जरूरत है। उन्होने सभी सेक्टर अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को
निर्देश दिया कि अगले एक सप्ताह का फीडबैक रिपोर्ट भेजने हेतु वे अपने
सेक्टर का भ्रमण करेंगे और आंगनबाड़ी केन्द्रवार सूचना भेजेंगे।

Related

UP 7460326655015198963

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item