कामधेनु योजना की बैठक में डीएम ने बैंक अधिकारियों को दिये निर्देश
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_970.html
बाराबंकी। कामधेनु डेयरी योजना सहित शासन की अन्य रोजगार परक योजनाओं
हेतु बैंकों द्वारा दिये जाने वाले ऋण एवं वित्त पोषण के दृष्टिगत
जिलाधिकारी अजय यादव ने डीआरडीए सभागार में बैंकर्स के साथ आयोजित बैठक
में निर्देश दिया कि विभिन्न योजनाओं अन्तर्गत प्रार्थना पत्रों को लेने
से पूर्व अभ्यर्थियों को एक चेक लिस्ट दे दी जाये। जिससे उन्हें
प्रार्थना पत्रों की कमियों को दूर करने के लिए बैंक का बार-बार चक्कर न
लगाना पड़े। उन्होने बैंकर्स को निर्देश दिया कि ऋण एवं वित्त पोषण हेतु
दिये गये प्रार्थना पत्र का विधिवत परीक्षण करके एक बार में ही प्रार्थना
पत्र की सारी कमियों की जानकारी ले ली जाये, जिससे अभ्यर्थी को असुविधा न
हो। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि समुचित रूप से प्राप्त
प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। उन्होने आज की
एक घटना के संदर्भ में बैंकर्स से सामान्य रूप से अपेक्षा की कि
उपभोक्ताओं के साथ सूझ-बूझ और शालीनता के साथ व्यवहार किया जाये।
जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति, पेंशन वितरण सहित शासन की अन्य विभिन्न
लाभार्थीपरक योजनाओं के अन्तर्गत लाभार्थियों के खाते में धनराशि
सुविधाजनक ढंग से अन्तरित किये जाने के मद्देनजर बैंकर्स को निर्देश दिया
कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खोले गये खातों के जीरो बैलेंस होने
पर भी उन्हें बन्द न किया जाये क्योंकि इससे कई लाभार्थियों के खाते में
धनराशि नहीं पहुंच पाती। उन्होने कहा कि जन-धन योजना के तहत खातों में
धनराशि जमा कराने के लिए लोगों को इस बात के लिए प्रोत्साहित किया जाये
कि वे थोड़ी-थोड़ी बचत करके बैंक खातों में धनराशि अवश्य डाले। जिलाधिकारी
ने ऋण जमा अनुपात, वार्षिक कार्य योजना, फसली ऋण एवं किसान क्रेडिट कार्ड
वितरण सहित अन्य सम्बन्धित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होने राष्ट्रीय
ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत स्वयं सहायता समूह को क्रेडिट लिकंेज
कराने में यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया और बैंक आफ इण्डिया की एक-दो बैंक
शाखाओं द्वारा शिथिल एवं उदासीन रवैय्या अपनाने पर गहरा असन्तोष जाहिर
किया। उन्होने कहा कि समूहों की पत्रावली की स्वीकृति के बाद क्रेडिट
लिकंेज में विलम्ब कदापि न किया जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी
ऋषिरेन्द्र कुमार, एडीएम हरिकेश चौरसिया, अग्रणी जिला प्रबन्धक अशोक
कुमार मिश्र, जिला विकास प्रबन्धक नाबार्ड शेफाली अग्रवाल, विभिन्न
बैंकों एवं विभागों के सम्बन्धित अधिकारी मौजूद थे।
