...आखिर पहली बरसात में ही खुल गयी नगर पालिका की पोल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_99.html
बाराबंकी। बाराबंकी नगर पालिका की सफाई व्यवस्था कितनी चुस्त दुरुस्त है
इसका खुलासा पिछले 24 घण्टों से हो रही बरसात से ही पता चल रहा है। हर
तरफ जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा
है और नगरवासियों का पैदल चलना दुश्वार हो गया है। नागरिकों ने
जिलाधिकारी को पत्र भेजकर लापरवाह सफाईकर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही की
मांग की है। नगर पालिका बाराबंकी में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यहां पर
कार्यरत अधिकारी से लेकर कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। कहने को तो
नगर पालिका में सफाई कर्मियों की लम्बी फौज है। लेकिन ये सफाईकर्मी सिर्फ
नगर पालिका अध्यक्ष और उनके चहेते सभासदों के आगे पीछे घूमा करते हैं। इन
लोगों को नगर की सफाई व्यवस्था से कोई लेना देना नही है। नगर के मोहल्ला
सत्यप्रेमी नगर, घण्टाघर, पीरबटावन, लैयामण्डी, सरावगी, अभय नगर,
लखपेड़ाबाग, आवास विकास, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, पुलिस लाइन चौराहा,
सिविल लाइन, कचेहरी, बेगमगंज, मुंशीगंज, राजकमल, छाया चौराहा से लेकर
अधिकांश मोहल्लों में जिधर देखो उधर गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। गंदगी
से नालियां पटी पड़ी हैं और उसका गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह
कूड़ों के ढेर लगे हुए हैं। लेकिन किसी भी सफाईकर्मी को इतनी फुरसत नही है
कि कूड़ो के ढेर को हटा दें। इसी गंदगी की वजह से नगर में संक्रामक रोग ने
दस्तक दे दी है। बीती रात जब शहर में भीषण बरसात हुई जिसके कारण शहर के
अधिकांश मोहल्लो में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गयी। बरसात का पानी
लोगों के घरो में घुस गया। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व प्रमुख चौराहों पर
बरसात का पानी इतना भर गया था कि आम लोगों को पैदल जाने में काफी
दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उदाहरण के तौर पर लखपेड़ाबाग के वीआईपी
मोहल्ला महार्षि नगर में देखा जा सकता है। यहां पर बीती रात भीषण बरसात
हुई और बरसात का गंदा पानी लोगों के घरो में घुस गया और सड़कों पर जल भराव
की स्थिति उत्पन्न हो गयी। यहां के निवासी आशुतोष यादव, राहुल गुप्ता,
विवेक गुप्ता, धनंजय, अनिल यादव, धर्मराज आदि लोगों ने बताया कि हमारे
मोहल्ले में सफाई कर्मी तो तैनात हैं लेकिन महीनों बीत जाते हैं कोई भी
सफाईकर्मी दिखाई नही पड़ता है। पता चलता है कि सफाईकर्मी आते हैं लेकिन
सभासदों के आगे पीछे घूमकर अपनी ड्यूटी पूरी कर रहे हैं। अभी तो हालात यह
हैं जब बरसात का शुरुआती समय है। अगर यही आलम रहा तो पूरी बरसात होने पर
यह मोहल्ले टापू बन जायेंगे और लोगों को आने जाने के लिये नाव का सहारा
लेना पड़ेगा। इस सम्बन्ध में जब नगर पालिका अध्यक्ष रंजीत बहादुर
श्रीवास्तव से पूछा गया तो उनका कहना था कि मैने सभी सफाईकर्मियों को कड़े
निर्देश दे रखें हैं कि अपने-अपने वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था पर
विशेष ध्यान दें। अगर कहीं मुझे शिकायत मिलेगी तो सफाईकर्मी के विरुद्ध
कार्यवाही की जायेगी।

