कार की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/blog-post_563.html
जौनपुर। जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग पर स्थित खाखोपुर गांव के पास रविवार को कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। इस हादसे को लेकर परिजनों सहित क्षेत्रीय लोग आक्रोशित हो गये जिन्होंने वहीं सड़क पर शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने एक बस को क्षतिग्रस्त कर दिया जिसकी जानकारी होने पर मौके पर पुलिस काफी संख्या में मौजूद हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुजानगंज थाना क्षेत्र के रमनगरा गांव निवासी रविचन्द पटेल पुत्र राम किशोर आज अपनी पत्नी व बच्चे के साथ के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मछलीशहर जा रहे थे। इस दौरान जौनपुर की तरफ से तीव्र गति से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दिया जिसके चलते मोटरसाइकिल पर सवार रविचन्द के अलावा उनकी पत्नी व बच्चे गम्भीर रूप से घायल हो गये। यह देख मौके पर जुटे लोग जब तक घायलों को उपचार हेतु अस्पताल ले जाते, सभी की मौत हो गयी। जानकारी होने पर परिजन सहित आस-पास के काफी लोग मौके पर जुटे गये और आक्रोश दिखाते हुये उधर से गुजर रहे एक बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी, आरक्षी अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के अलावा तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंच गये और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुये शवों को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिये। समाचार लिखे जाने तक आगे की कार्यवाही चल रही थी। चर्चा है कि बाइक को टक्कर मारने वाली कार किसी न्यायिक अधिकारी की है।

