जिलाधिकारी ने तिरंगे को किया सलाम, फहराया तिरंगा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/blog-post_573.html
बाराबंकी। जिलाधिकारी अजय यादव ने स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर डीआरडीए
गांधी सभागार में आयोजित समारोह में कहा कि देश और समाज की प्रगति और
समृद्धि के लिए सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ हमें आगे बढ़ना होगा।
उन्होने कहा कि नकारात्मक विचारों को त्याग कर हम सकारात्मक ऊर्जा का
सृजन करें। देश की समस्याओं का निदान सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने से ही
सम्भव हो सकेगा। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद
डीआरडीए में आयोजित समारोह में लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर
उन्होने कलेक्ट्रेट में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में पौध रोपित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी के 70 वर्षो मेें भारत विश्व शक्ति बनकर उभरा
है। आर्थिक रक्षा और अन्य कई मोर्चे पर देश ने काफी तरक्की की है। पूरी
दुनिया में भारत तीसरी या चौथी सुपरपावर बन चुका है। हमें अपने देश की
उपलब्धियों पर गर्व होना चाहिए। विज्ञान तकनीकी, आई टी, कम्प्यूटर के
मामले में देश काफी आगे बढ़ चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी
में असंख्य शहीदों, बलिदानियों एवं स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों का
अमूल्य योगदान रहा है। हमें उनके त्याग और बलिदान को एक धरोहर के रूप में
संजोकर रखना चाहिए। उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर हम आजादी को
अक्षुण्ण रख सकेंगे। जिलाधिकारी ने सकारात्मक सोच के महत्व पर चर्चा के
दौरान कहा कि सकारात्मकता ही हमें सही दिशा देती है। नकारात्मकता से देश
और समाज के साथ ही व्यक्ति की भी उन्नति का रास्ता बन्द हो जाता है।
उन्होने कहा कि हमें देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठा और
ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता
संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया और उन्हें शाल, नारियल
और मिष्ठान भेंट कर उनका आर्शीवाद लिया। इस अवसर पर रमाकान्ती पत्नी
स्व0राम चन्दर, सुमित्रा देवी पत्नी स्व. राम दुलारे वर्मा, पार्वती देवी
पत्नी स्व0 वेदनाथ मौर्य एवं संजय कुमार सिंह सुशील को सम्मानित किया
गया। समारोह को उपसंचालक चकबन्दी चन्द्रिका प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर संतोष
कुमार, स्वाती शुक्ला, पूर्णिमा सिंह, पूजा यादव, अन्जुम ने सम्बोधित
करते हुए लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभ कामनायें देते हुए कहा कि
लोगों को अपने मौलिक कर्तव्य पर ध्यान देना चाहिए। अपने जीवन के साथ
दूसरों में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने का निरन्तर प्रयास करते रहना
चाहिए। डिप्टी कलेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि हमारे पास उपलब्ध संशाधनों
का बेहतर इस्तेमाल करके हम देश को आगे ले जा सकते है।
