पत्रकार की पिटाई करने वाला गनर लाइन हाजिर
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/blog-post_590.html
जौनपुर। पत्रकार की पिटाई करने वाले कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के आरोपी सरकारी गनर को शुक्रवार को आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना ने लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही चर्चित थानाध्यक्ष लाइन बाजार व क्षेत्राधिकारी नगर की जांच रिपोर्ट को निरस्त करते हुये इस मामले की नये सिरे से जांच करने के लिये अपर आरक्षी अधीक्षक देहात को जिम्मेदारी सौंपा। हालांकि जिले का इलेक्ट्रनिक मीडिया संघ आरोपी सिपाही को निलम्बित करने की मांग पर अड़ा है। मालूम हो कि बीते सोमवार को मड़ियाहूं क्षेत्र के पत्रकार बृजराज चौरसिया एडवोकेट जौनपुर आ रहे थे। रास्ते लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रसैना गांव के पास जाम में फंस गये थे कि इसी बीच कैबिनेट मंत्री के पुत्र लकी यादव भी जाम के झाम में फंस गये। इससे आक्रोशित उनके साथ मौजूद सरकारी गनर अजय यादव एक तरफ से जाम में फंसे सभी लोगों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया जिसमें पत्रकार बृजराज चौरसिया एडवोकेट भी उसके कोप भाजन का शिकार हो गये। विरोध करने पर गनर ने उनके ऊपर कारबाइन भी तान दिया था। इस प्रकरण को लेकर बीते बुधवार को इलेक्ट्रानिक मीडिया संघ ने आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना से मिलकर कार्यवाही की मांग किया। इसको गम्भीरता से लेते हुये श्री सक्सेना ने थानाध्यक्ष लाइन बाजार विश्वनाथ यादव को जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। साथ ही क्षेत्राधिकारी नगर राम प्रसाद सिंह यादव को पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद यादव ने पूरे मामले की फर्जी करार देते हुये आरक्षी अधीक्षक को अपनी रिपोर्ट सौंपा। उधर क्षेत्राधिकारी नगर ने भी मामले को संदिग्ध बताते हुये अपनी रिपोर्ट आरक्षी अधीक्षक को सौंप दिया। सूत्रों की मानें तो दोनों रिपोर्ट में मामले को फर्जी करार दे दिया जिस पर मामला फिर तूल पकड़ लिया। फिलहाल आरक्षी अधीक्षक ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्राधिकारी नगर व थानाध्यक्ष लाइन बाजार की रिपोर्ट को निरस्त करते हुये आरोपी गनर अजय निवास यादव को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही इस मामले की नये सिरे जांच अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अरूण श्रीवास्तव करेंगे।

