गम्भीर धाराओं में दर्ज मुकदमों में जमानत पर डीएम-एसपी नाराज
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/blog-post_626.html
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्टेªट सभागार में अभियोजन एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई जहां उन्होंने शासकीय अधिवक्तावार थानाध्यक्षों से गम्भीर धाराओं में दर्ज मुकदमों में जमानत मिलने पर नाराजगी व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि मुकदमे में तारीख से दो दिन पूर्व केश डायरी उपलब्ध करायें। शासकीय अधिवक्ता मुकदमे का अध्ययन कर लें तथा आवश्यकता पड़ने पर थानाध्यक्षों से साक्ष्य आदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर के पैरवी करें। उन्होंने शासकीय अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि गम्भीर धाराओं में जमानत मिलने व आपके द्वारा ठीक से पैरवी न करने पर आपकी संविदा समाप्ति की संस्तुति शासन को कर दिया जायेगा। इस दौरान जिला शासकीय अधिवक्ता ने आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना से मुकदमों के तामीला के लिये विशेष पेशकार नियुक्त करने का अनुरोध किया। इसी क्रम में जिलाधिकारी व आरक्षी अधीक्षक ने कानून व्यवस्था की थानेवार/सर्किलवार समीक्षा करते हुये सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर जिलधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षकद्वय रामजी सिंह यादव, अरूण श्रीवास्तव, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष के अलावा अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।

