भाकियू ने जिलाधिकारी कार्यालय को घेरा, सौंपा ज्ञापन, सरकार विरोधी लगाये नारे
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/blog-post_918.html
बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह के नेतृत्व
में अपनी तीन सूत्रीय मांगो को लेकर हजारों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी
कार्यालय घेरकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
और एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजा।
साथ ही में यह चेतावनी दी कि अगर एक सितम्बर तक सभी मांगो को पूरा नही
किया गया तो आगामी 2 सितम्बर तक विशाल धरना प्रदर्शन किया जायेगा। जिले
में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सभी किसानों पर अनिवार्य शब्द हटाकर
स्वैच्छिक करने और फसल बीमा योजना में सभी तरह की आपदाओं में किसानों की
इकाई मानने साथ ही में मानव निर्मित हानि व जंगली जानवरों से होने वाले
नुकसान को भी इस योजना में शामिल करने को लेकर आज भारतीय किसान यूनियन के
प्रांतीय महासचिव मुकेश सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा के नेतृत्व में
हजारों कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से होते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ
नारेबाजी करके पैदल ही जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंच गये और प्रदेश सरकार
के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घण्टे तक कार्यालय घेरने के बाद एक
ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव को भेजा। इस मौके पर बोलते हुए प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह ने
कहा कि प्रदेश के किसान दिन प्रतिदिन गरीब होता जा रहा है और किसानों के
ही नाम पर सत्ता पक्ष के नेता अमीर होते जा रहे हैं। नहरों में न समय से
पानी आ रहा है और न ही किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार, बिजली ही
मिल रही है। श्री वर्मा ने स्पष्ट रुप से चेतावनी दी कि अगर 1 सितम्बर तक
हमारे मांग पत्र में लिखी गयी मांगो को प्रदेश सरकार ने लागू नही किया तो
पहले जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जायेगा। उसके बाद
राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन होगा। इस मौके पर मुख्य रुप से सतीश वर्मा,
लायकराम यादव, वीरेन्द्र सिंह, सहित जिले के सभी विकास खण्डो के अध्यक्ष
व सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थें।
