हड़ताल, चक्काजाम व धरना-प्रदर्शन के नाम रहा शुक्रवार
https://husainijnp.blogspot.com/2016/09/blog-post_5.html
जौनपुर। शुक्रवार का दिन हड़ताल, चक्काजाम व धरना-प्रदर्शन के नाम रहा जिसको लेकर जहां शासन-प्रशासन सकते में नजर आया, वहीं इससे आमजनों को काफी परेशानियों से जूझना पड़ा। इतना ही नहीं, इन सबके चलते पूरा शहर जाम के झाम में फंसा रहा जिसके चलते स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चे चिलचिलाती धूप में परेशान दिखे। मालूम हो कि आज जहां बैंक कर्मचारियों ने तालाबंदी करके हड़ताल किया था, वहीं रोडवेजकर्मियों ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर बीती रात 12 बजे से आज दोपहर 12 बजे तक रोडवेज सहित अनुबन्धित बसों के पहिये को हिलने तक नहीं दिया। वहीं दूसरी ओर डाक कर्मचारी महासंघ भी कार्य बहिष्कार करके धरने पर बैठा रहा। इधर कलेक्टेªट में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां अपनी आवाज बुलंद की थीं जिसके ठीक बगल में लेखपाल संघ भी अपनी मांगों को लेकर प्रदेश सरकार को कोस रहा था। इन प्रदर्शनों में राज्य कर्मचारी व शिक्षक समुदाय भी उनकी हां में हां मिलाया हुआ था। इन सभी प्रदर्शनांे के चलते शुक्रवार को आमजन काफी परेशान दिखायी दिये जिनका कहीं भी कोई काम नहीं हुआ। तब तो तब नजर आयी जब इन प्रदर्शनों के चलते नगर पूरी तरह से जाम हो गया जहां दोपहर में स्कूल की हुई छुट्टी के बाद छोटे बच्चे चिलचिलाती धूप में पसीने से तर-बतर नजर आये। इसी बीच डीआईजी वाराणसी का जौनपुर में आगमन होना एवं जगह-जगह जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम होने से समस्याओं में वृद्धि नजर आयी। फिलहाल देर शाम तक सब कुछ सामान्य हो गया लेकिन सरकारी कार्यालयों व बैंकों से काम लेने वालों की समस्या बरकरार रही।

