परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
https://husainijnp.blogspot.com/2016/09/blog-post_7.html
बाराबंकी। कोतवाली नगर अन्तर्गत जिला कारागार में निरुद्ध सजाआफ्ता कैदी
की आज सुबह संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी। पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर
पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। परिजनों ने जहां हत्या की आशंका जतायी
है। वहीं दूसरी तरफ जेल अधीक्षक मौत की वजह हार्ट अटैक बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार थाना कुर्सी क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर निवासी कुवांरे
यादव पुत्र श्रीपाल 9 वर्ष पूर्व गांव में ही एक व्यक्ति की हत्या के
मामले में जेल भेजा गया था। इस घटना काण्ड में कुंवारे के दो सगे भाई भी
नामजद आरोपी थे। उनको भी पुलिस ने पकड़ कर जेल भेज दिया था। बाद में तीनों
भाईयों को न्यायालय ने उमर कैद की सजा सुनायी थी। आज सुबह कुंवारे यादव
पुत्र श्रीपाल को जिला कारागार के दो पुलिस कर्मी उसे जिला अस्पताल लेकर
आये जहां पर डाक्टरों ने कुंवारे को मृत घोषित कर दिया। जिला कारागार में
कैदी की मौत की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी जिला
अस्पताल पहुंच गये और घटना की जानकारी की। बाद में कोतवाली प्रभारी ने
लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना के बारे में जेल
अधीक्षक का कहना था कि मृतक के सीने में सुबह काफी दर्द हुआ था। जिसका
इलाज जेल परिसर में ही बने अस्पताल में किया गया था। लेकिन वहां पर जब
कुंवारे के हालत में कोई सुधार नही हुआ तो उसको लेकर जिला कारागार के दो
पुलिस कर्मी जिला अस्पताल आये जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर
दिया। घटना की सूचना दोपहर करीब 11 बजे जेल अधीक्षक ने मृतक के परिजनों
को दी। सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस में परिजन पहुंच गये। परिजनों का
आरोप था कि कुंवारे को कभी भी हार्ट अटैक की बीमारी नही थी। जिला कारागार
में उसके साथ कोई अनहोनी घटना घटी है। वहीं जेल अधीक्षक का कहना था कि
कुंवारे की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वहीं कोतवाली प्रभारी का कहना था
कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि कुंवारे की मौत
बीमारी से हुई है। या कोई अन्य कारण है।
