मुख़्तार अंसारी की नवरात्र में हो सकती है सपा में इंट्री , जौनपुर से लड़ सकते है चुनाव !
https://husainijnp.blogspot.com/2016/09/blog-post_778.html
लखनऊ । बाहुबली विधायक मुख़्तार अंसारी और उनकी पार्टी कौमी एकता दल का नवरात्र में साइकिल की सवारी करना लगभग तय हो गया है । समाजवादी पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख़्तार और उनकी पार्टी का सपा में विलय नवरात्र में हो जायेगा । पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों पर अगर भरोसा करे तो पूर्वांचल में मुस्लिम मतों को अपने पक्ष में करने के लिए सपा बाहुबली मुख़्तार अंसारी को जौनपुर से चुनाव भी लड़ा सकती है । इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं है । परंतु सियासी हलको में चर्चा जोरों पर है । मुख़्तार अंसारी के चुनाव लड़ने से ज़िले का सियासी पारा भी चढ़ जायेगा । ऐसा माना जा रहा है कि अगर कौमी एकता दल का सपा में विलय या समझौता होता है तो समाजवादी पार्टी मुख़्तार अंसारी को जौनपुर से प्रत्याशी बना सकती है । जिससे ज़िले की 9 विधानसभा सहित जौनपुर से सटे ज़िलों की विधानसभा पर भी समाजवादी पार्टी को सीधा लाभ मिलेगा ।
कौमी एकता दल के नेता बाहुबली मुख़्तार अंसारी की समाजवादी पार्टी से नज़दीकियों का राजनीतिज्ञ कई अर्थ निकाल रहे है । चर्चा है कि मुख़्तार अंसारी की सपा में इंट्री के बाद समाजवादी पार्टी कई लोगो का टिकट काट भी सकती है । कौमी एकता दल का विलय हो या समझौता चर्चा ये है कि मुख़्तार अंसारी जौनपुर से विधानसभा चुनाव लड़ सकते है ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी मुख़्तार अंसारी को लड़ा कर मुस्लिम वोटों को एकजाई करने की फिराक में है । लोगो में चर्चा है कि मुख़्तार के लड़ने से समाजवादी पार्टी को इसका लाभ ज़रूर मिलेगा ।

