जौनपुर पत्रकार संघ का 13 वाँ स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/13.html
जौनपुर। आज पत्रकारिता पर वैश्वीकरण का संकट आ गया है। पत्रकारों को त्वरित घटनाओं को अलग हटकर समस्यात्मक मुद्दों पर लिखना चाहिये। मीडिया में कार्पोरेट घरानों का प्रवेश घातक है। इसके बचाव की जरुरत है। यह बातें जिलाधिकारी भानुचन्द्र गोस्वामी ने आज कही।
वह जौनपुर पत्रकार संघ के 13वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि पद से बोल रहे थे। यह कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित पत्रकार भवन में आयोजित था। श्री गोस्वामी ने कहा समाज के तमाम ऐसे मुद्दे हैं, जिस पर पत्रकारों की कलम से एक बड़े वर्ग की समस्याओं का समाधान हो सकता है। अगर उन पर खबरें लिखी जाये तो पत्रकारिता का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत होगा। उन्होंने कहा जौनपुर के पत्रकार बहुत सकारात्मक सोच के है। समाज के तमाम गतिविधियों को बहुत बेबाकी और सहज ढंग से लिखते हैं। उन्होंने कहा कि वीभत्स घटनाओं की तस्वीरें व भड़काऊ खबरों से सोशल मीडिया में बचने की जरुरत है। उन्होंने पत्रकार संघ के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे लिये यह गौरव की बात है कि जनपद के पत्रकारों का संगठन आज 13वीं वर्षगांठ मना रहा है।
इसके पूर्व कार्यक्रम के मुख्यवक्ता पं. मदनमोहन मालवीय पत्रकारिता संस्थान काशी विद्यापीठ के निदेशक प्रो. ओमप्रकाश सिंह ने संगोष्ठी विषय ‘‘वर्तमान परिवेश में पत्रकारिता’’ पर प्रकाश डालते हुये अपने कहा कि आज पत्रकारों को नागरिक भावना पर विचार करना चाहिये। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पत्रकारिता में नवजागरण जैसा है। इसके प्रयोग से घटनाओं की त्वरित जानकारी जनता तक पहुंच रही है। परंतु सोशल मीडिया ने आवश्यकता से अधिक भड़काऊ खबरों से बचने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार कानून से पत्रकारों ने खोजी खबरों की चाह बढ़ी है। मीडिया हाउस अपने यहां आरटीआई सेल का गठन भी कर चुके हैं। जिसके द्वारा तमाम विषयों पर तथ्यात्मक जानकारी एकत्रित की जाती है। और उसके आधार पर खबरें लिखी जा रही हैं। निजी चैनल भी अब खबरों को बेबाक ढंग से प्रस्तुत कर जनता तक सारी जानकारी पहुंचा रही है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने कहा कि पत्रकारों द्वारा यह प्रयास किया जाना चाहिये कि खबरें हमेशा निष्पक्ष तथ्यात्मक एवं समाज को लाभ पहुंचाने वाली होनी चाहिये। सभी पत्रकारों से अनुरोध किया कि किसी भी खबर को प्रस्तुत करते समय यह अवश्य देखें कि समाज को क्या लाभ हो रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कुलपति डा. कीर्ति सिंह ने की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में पत्रकार के संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संघ के गठन एवं उसके विकास पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन संघ के मंत्री डा. मधुकर तिवारी ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रेश मिश्र एवं हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव को जौनपुर पत्रकार संघ की तरफ से उनके पत्रकारिता क्षेत्र में अभिनव योगदान देने के लिये सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आये अतिथियों को पत्रकारों की तरफ से कपिल देव मौर्य, लोलारक दूबे, राजेन्द्र सिंह, शशिमोहन सिंह क्षेम, डा. मनोज वत्स, सतीश सिंह, रत्नाकर सिंह,अखिलेश तिवारी अकेला, वीरेन्द्र सिंह, राकेशकांत पाण्डेय आदि ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ट्रेनिंग आई.ए.एस. शिव शरणप्पा कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, पेट्रोलियम वितरण समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, दीवानी अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीनानाथ मिश्रा, महामंत्री अनिल सिंह कप्तान, डा. पी.सी. विश्वकर्मा, समाजवादी नेता वशिष्ठ नारायण सिंह, शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अरविन्द शुक्ला सहित अनेक लोग मौजूद थे।
आगन्तुक अतिथियों का स्वागत मनोज उपाध्याय , वीरेंद्र सिंह,रामदयाल द्विवेदी,यादवेंद्र दुबे मनोज,शशिराज सिन्हा,राधारमण तिवारी,आशीष श्रीवास्तव , अजीत बादल, शीतला मौर्य,कुँवर यसवंत सिंह,विद्याधर राय विद्यार्थी, जितेंद्र दुबे, राजेश मौर्या,सुनील चतुर्वेदी,आशीष पांडेय,जे एन ओझा,खालिद,विनोद विश्वकर्मा,राम मूरत शर्मा, ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

