aajtaktimes

19 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन करने का लिया निर्णय


जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह की अध्यक्षता में टीडी इण्टर कालेज के परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपदीय कार्यकारिणी के उपस्थितजनों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में लम्बित शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए 19 अक्टूबर 2016 को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन का सामूहिक रूप से निर्णय लिया। बैठक में प्रदेश मंत्री रमेश सिंह ने कहा कि एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षक, कर्मचारियों का एनपीएस स्कीम के अंतर्गत विगत तीन माह से खाते से कटौती होने के बाद भी एनएसडीएल के खाते में पैसा स्थानान्तरित न होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि संगठन के अनवरत संघर्षों के परिणामस्वरूप वित्तविहीन शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विगत दो माह पहले ही सरकार द्वारा धन प्रोत्साहन राशि के रूप में आवंटित हो चुका है लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण आज तक उनके खाते में नहीं प्राप्त हो सका है। मण्डल मंत्री डा. प्रमोद श्रीवास्तव ने कहा कि विगत बोर्ड परीक्षा के उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पारिश्रमिक का भुगतान आज तक पूर्ण रूप से नहीं किया गया। जबकि शासन द्वारा पिछले मई माह में ही सम्पूर्ण धन इस मद के लिए जनपद को प्राप्त हो चुका है। पूर्व अध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि कार्यालय में प्रत्येक कार्य के लिए शिक्षकों का उत्पीड़न एवं शोषण किया जाता है। अध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह व मंत्री सुधाकर सिंह ने मृतक आश्रित चयन व प्रोन्नत वेतनमान के लम्बित प्रकरणों को संज्ञान में लेते हुए निस्तारित करने की मांग की। बैठक में शशि प्रकाश मिश्र, विजय बहादुर यादव, रविन्द्र मिश्र, अतुल सिंह, आजम खां, शोभनाथ यादव, समर बहादुर सिंह, सुनील सिंह, राणा प्रताप, सतीश सिंह, राम अचल यादव, चन्द्र प्रकाश दूबे, दिलीप सिंह, प्रमोद सिंह, गजाधर राय, बृजेश सिंह, रामचन्द्र यादव, राजेश सिंह, रामचन्द्र यादव, गजेन्द्र सिंह, अखिलेश, सुरेश यादव, अजय सिंह आदि उपस्थित रहे।


Related

UP 2139213829846161293

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item