9 अक्टूबर को अपनी असली ताकत दिखाएंगी 'बहनजी'
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/9.html
बसपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इस रैली में सूबे भर से पार्टी कार्यकर्त्ताओंं को लाने ले जाने के लिए 18 विशेष रेलगाडियों की व्यवस्था की गई है। 16 रेलगाडी राज्य के पश्चिमी इलाकों के लिए होंगी जबकि 2 रेलगाडियां पूर्वी क्षेत्रों से आएंगी। उन्होंने बताया कि 6 रेलगाडी मेरठ क्षेत्र, 4 सहारनपुर, 4 मुरादाबाद मंडल और 2 मुजफ्फरनगर क्षेत्र से कार्यकर्त्ताओं को लाने के लिए लगाई जाएंगी। एक रेलगाडी बलिया भेजी जाएगी। प्रत्येक गाडी में 20 डिब्बे होंगे। डिब्बे स्लीपर और सामान्य किस्म के होंगे। प्रत्येक रेलगाड़ी में कम से कम 5000 बसपा समर्थक आएंगे। एक अनुमान के तहत रेलगाड़ी से एक लाख लोगों के आने की व्यवस्था है।
रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव के मद्देनजर बसपा दलितों, ब्राह्मणों और मुसलमानों पर खास जोर दे रही है। पार्टी का मानना है कि इन तीनों का समर्थन यदि मिल गया तो बसपा को सत्ता में आने से कोई रोक नहीं सकता। समाजवादी पार्टी (सपा) में मचे घमासान को लेकर बसपा सजग है। बसपा सपा के अन्दरुनी कलह का लाभ उठाकर मुसलमानों को अपनी तरफ आकर्षित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।

