सपा विवाद: निगाहें अब कल की बैठक पर
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/blog-post_134.html
लखनऊ । ‘यादव परिवार’ में मची घमासान के बीच लोगों की निगाहें अब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा विधायकों और मंत्रियों की कल बुलायी गयी बैठक पर टिक गयी हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को शक्ति प्रदर्शन के रुप में देखा जा रहा है क्योंकि 24 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने विधायकों और सांसदों की बैठक बुला रखी है। श्री यादव के बैठक की तिथि निर्धारित करने के बाद उनके पुत्र मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कल 23 अक्टूबर को विधायकों और मंत्रियों की बैठक बुलाने की घोषणा की थी।
सपा में चल रही रार से बेचैन बेनी प्रसाद वर्मा, किरनमय नन्दा, रेवती रमण सिंह सरीखे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आज मुलायम सिंह यादव और अखिलेश से मुलाकात की। अभी फिलहाल कोई नतीजा निकलता नहीं दिख रहा है। इससे पहले मुलायम सिंह यादव को तल्ख चिट्ठी लिखने वाले राज्य विधान परिषद के सदस्य उदयवीर सिंह को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर ‘युवा विद्रोह’ को दबाने की कोशिश की गयी। चिट्ठी में लिखे गये शब्दों से मुलायम सिंह यादव बहुत नाराज थे।

