जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के तारापुर कालोनी मोहल्ले में सेक्टर नं. 9 के निवासी दिलीप श्रीवास्तव बीते एक पखवारे से लापता हो गये हैं। परिवारीजन उन्हें खोजकर परेशान हो गये जिसके बाद शहर कोतवाली में गुमशुदगी की सूचना दर्ज करा दी गयी। पत्नी शशि श्रीवास्तव का कहना है कि उनके पति की दिमागी हालत इन दिनों ठीक नहीं थी जिसका उपचार चल रहा था। एक पखवारे पूर्व वह घर से अचानक लापता हो गये। सभी रिश्तेदारों, पड़ोसियों, मोहल्लेवासियों के यहां खोजकर सब परेशान हो गये हैं। भावुक होते हुये उन्होंने बताया कि हमारे 3 पुत्र लकी, हर्षित व उत्कर्ष हैं जिनका पालन-पोषण करना कठिन है। घर में खाने के लिये भी लाले पड़ गये हैं। किसी तरह बच्चों को मजदूरी कराकर परिवार चल रहा है। पति के उपचार में भी काफी पैसे खर्च हो रहे हैं। अब उनका लापता हो जाना पूरे परिवार के लिये और संकट तलब हो गया है। पिता के गायब होने से बच्चे भी परेशान हैं।