
जौनपुर। जनपद की ऐतिहासिक पंडित जी रामलीला समिति का भरत मिलाप बीती रात हर्षोल्लासपूर्वक ढंग से सम्पन्न हुआ जहां शोभायात्रा में शामिल अच्छे लागों व झांकियों को पुरस्कृत किया गया। इसके पहले अहियापुर मोड़ पर सभी लागें व झांकियां पहुंचीं जहां मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के स्वरूप की आरती उतारकर एवं हरी झण्डी दिखाकर किया। हाथी, घोड़ा, ऊंट के अलावा बैण्ड, बाजे, डीजे, ढोल, नगाड़े के बीच आकर्षक झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा में सबसे आगे मां काली व मां दुर्गा का रूप धारण किये कलाकार तलवार भांजते चल रहे थे जो लोगों के लिये आकर्षण के केन्द्र बने रहे। इसके अलावा आदर्श अखाड़ा के बच्चों के करतब तो लोगों को सहसा अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। कोतवाली चौराहे पर बने नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन सूबे के राज्यमंत्री जगदीश सोनकर ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया। यहां से पूरे मेले का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील वर्मा कर रहे थे। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुये शोभायात्रा ओलन्दगंज पहुंची जहां पहले से विराजमान श्रीराम, अनुज लक्ष्मण, सीता व हनुमान से मिलने के लिये भरत व शत्रुघ्न काफी दूर से पैदल दौड़कर मंच पर पहुंचे। इस दौरान चारों भाइयों का मिलन देखकर जहां उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गयीं, वहीं जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
अन्त में सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी नगर अमित राय ने शोभायात्रा में शामिल जनपद सहित अन्य जनपदों से आयीं लागों व झांकियों के संचालकों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष किशन हरलालका, महामंत्री अनिल जायसवाल, रमेश सेठ, संजय जायसवाल, अनिल गुप्ता, विजय केडिया, सभासद पति दीपक जायसवाल, धीरज सिंह सहित सैकड़ों पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से शहर कोतवाल अरविन्द सिंह, थानाध्यक्ष जलालपुर विजय गुप्ता, जफराबाद जय बहादुर यादव, चौकी प्रभारी सरायपोख्ता हरि प्रकाश यादव, राज कालेज अमित सिंह, भण्डारी अफरोज आलम के अलावा तमाम पुलिस के जवान उपस्थित रहे।