
जौनपुर। पति की दीर्घायु होने की कामना के लिये पत्नियांे ने बुधवार को करवा चौथ का व्रत रखा। बीते मध्य रात्रि से व्रत रखने वाली महिलाएं आज शाम को चांद देखने के बाद पति से आशीर्वाद लेकर अपने व्रत का तारण कीं। इस बाबत चहुंओर इस पर्व को लेकर चहल-पहल रही जहां सोलहों श्रृंगार की महिलाओं की भीड़ जमी रही। इसके पहले बीते मंगलवार को पत्नियों ने व्रत से सम्बन्धित सामग्रियों की खूब जमकर खरीददारी कीं। मध्य रात्रि को पानी पीकर पत्नियां निराजल व्रत शुरू कीं जिसके बाद शाम को स्नान आदि के बाद नये परिधान पहनकर महिलाओं ने सोलहों श्रृंगार किया। तत्पश्चात् पूजा की थाली व करवा लेकर घर की छत पर चढ़ीं व्रती महिलाओं ने चन्द्र दर्शन किया। इस दौरान चलनी में पति का चेहरा देखकर उनके हाथ से पानी पीं जिसके बाद उनके व्रत का तारण हुआ। पति सहित घर के बड़े-बुजुर्गों का चरण स्पर्श कर सुहागिनांे ने आशीर्वाद लिया जिसके बाद घर में बने पकवान को सभी लोगों ने ग्रहण किया। महिलाओं के लिये सबसे बड़े त्योहार के रूप में माना जाने वाला करवा चौथ पर्व धार्मिक श्रद्धा व विश्वास का परिचायक है जिसके बाबत आज चहुंओर व्रती महिलाओं की भीड़ देखी गयी जहां अन्य लोगों ने इस व्रत पर्व को देखा। जानकारों का कहना है कि सुहागिन स्त्रियों के अचल सुहाग का रक्षक करवा चौथ का पर्व इस बार विशेष फलदायी है। यह पर्व इस साल कुछ खास महासंयोग को लेकर आया है। आज होने वाला पर्व कार्तिक मास के रोहिणी नक्षत्र से संयुक्त है। इस दिन चन्द्रमा अपने नक्षत्र रोहिणी में रहेंगे तथा बुध अपनी कन्या राशि में रहेंगे। इसी दिन गणेश चतुर्थी व श्रीकृष्ण का रोहिणी नक्षत्र है तथा बुधवार गणेश व श्रीकृष्ण का दिन है। ऐसे सुखद महासंयोग में करवा चौथ के व्रत पूजन से पति की लम्बी उम्र व संतान सुख प्राप्ति का योग बनता है। इसके साथ और भी अभीष्ट कामनाओं की प्राप्ति संभव है। मान्यता है कि करवा चौथ के दिन गणेश, मां गौरी व चन्द्रमा की पूजा की जाती है। चन्द्रमा के पूजन से महिलाओं को पति की लम्बी उम्र और दाम्पत्य सुख का वरदान मिलता है।