
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्टेªट सभागार में कोर कमेटी की बैठक हुई जहां चुनाव आयोग द्वारा 22 व 23 अक्टूबर को सभी मतदान केन्द्रों पर पदविहित अधिकारी व बीएलओ की देख-रेख में आगामी 1 जनवरी को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा को मतदाता बनाने के लिये फार्म 6 भराये जायेंगे। साथ ही अपात्र मतदाताओं का नाम जांच कर मतदाता सूची से निकाला जायेगा। मतदाताओं के नाम में किसी प्रकार की त्रुटि एवं स्थान का संशोधन किया जायेगा। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित अभियान को धूमधाम से मनाने का निर्देश दिया। इसी प्रकार इण्टर कालेज एवं डिग्री कालेज में मतदाता बनने हेतु पर्याप्त संख्या में फार्म 6 उपलब्ध कराया गया है जिससे युवा मतदाता बन सकें। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि 23 अक्टूबर को मतदाता जागरूकता हेतु एनसीसी, एनएसएस स्काउट, रोवर रेंजर की नगर में रैली निकलवाने की व्यवस्था करें। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी, स्वीप प्रभारी/उपायुक्त मनरेगा एसएन पाण्डेय सहित अन्य को नगर क्षेत्र में जिलास्तरीय कार्यक्रम की रूप-रेखा तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्वीप जागरूकता कार्यक्रम चलाने के लिये सभी खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं सीडीपीओ को सदस्य नामित किया गया है। इस अवसर पर ज्वाइण्ट मजिस्टेªट मछलीशहर सतेन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं जगदम्बा सिंह, तहसीलदार केराकत पीके राय, डा. पीके यादव, सियाराम, सहायक निर्वाचन अधिकारी रमाकान्त राम के अलावा अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।